बटन वाले फोन से बेटी का वीडियो बनाते पिता ने जीता सबका दिल सादगी का यह मंजर हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पिता की ममता और सादगी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। स्कूल के कार्यक्रम में मंच पर प्रस्तुति दे रही अपनी बेटी के हर पल को एक पिता अपने साधारण बटन वाले फोन में कैद करता नजर आया। आज के हाई-टेक जमाने में जहां लोग महंगे कैमरों के पीछे भागते हैं, वहीं इस पिता की अपने सीमित संसाधनों में खुशी ढूंढने की कोशिश ने लोगों को भावुक कर दिया है।
जितेंद्र सारस्वत द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में पिता फोन की स्क्रीन पर हाथ रखकर धूप से बचते हुए बेहतर शॉट लेने की कोशिश कर रहे हैं। इंटरनेट यूजर्स इस वीडियो को देखकर कह रहे हैं कि पिता का प्यार किसी भी तकनीक से कहीं बढ़कर है। वायरल पोस्ट पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और इस पिता के जज्बे को सलाम कर रहे हैं, जिसने साबित कर दिया कि यादें सहेजने के लिए महंगे फोन नहीं, साफ दिल चाहिए।