नॉन-वेज लवर्स की बल्ले-बल्ले! वंदे भारत स्लीपर में आज से मिलेगा चिकन और रसगुल्ला, देखें पूरा मेनू

भारतीय रेलवे ने यात्रियों के स्वाद और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में अब तक केवल शाकाहारी भोजन ही उपलब्ध था, लेकिन आज यानी 2 फरवरी 2026 से यात्रियों को उनकी पसंदीदा नॉन-वेज डिशेज भी मिलेंगी। रेलवे ने यह कदम यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और फीडबैक के बाद उठाया है।
खासकर पश्चिम बंगाल और असम के बीच चलने वाली हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर में सफर करने वाले यात्रियों की यह पुरानी शिकायत थी कि लंबी दूरी की रात की यात्रा में सिर्फ वेज खाना पर्याप्त नहीं है। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय ने बजट के दौरान ही मेनू में बदलाव के संकेत दिए थे, जिसे आज से आधिकारिक तौर पर लागू कर दिया गया है।
आज रात की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जो मेनू तैयार किया गया है, वह बेहद खास है। ट्रेन नंबर 27576 में परोसे जाने वाले भोजन में जीरा कॉर्न पुलाव और परतदार (तेहदार) पराठा शामिल है। दाल प्रेमियों के लिए मूंग और अरहर की मिक्स दाल तैयार की गई है। मुख्य डिश के रूप में शाकाहारी यात्रियों के लिए असमिया स्टाइल पनीर मसाला और मांसाहारी यात्रियों के लिए खास असमिया चिकन मसाला रखा गया है। इसके साथ ही बीन्स-आलू की सूखी सब्जी और मिठाई में बंगाल का मशहूर रसगुल्ला परोसा जाएगा।
जानकारों का मानना है कि इस बदलाव से वंदे भारत स्लीपर की लोकप्रियता और बढ़ेगी। रेलवे के इस फैसले ने यह साफ कर दिया है कि वह यात्रियों की सुविधाओं और उनकी पसंद को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। अगर आप भी जल्द ही इस ट्रेन में सफर करने वाले हैं, तो अब आप अपनी पसंद के अनुसार वेज या नॉन-वेज खाने का लुत्फ उठा सकेंगे।