“दलाल हो तुम!” मुख्य चुनाव आयुक्त पर बुरी तरह भड़कीं ममता, दिल्ली में मीटिंग छोड़ बीच में ही निकलीं बाहर

दिल्ली में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सोमवार शाम को चुनाव आयोग के दफ्तर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ममता बनर्जी ने चुनाव आयुक्त पर “दुर्व्यवहार” और “अपमान” करने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। बाहर निकलते ही उन्होंने ज्ञानेश कुमार को “दलाल” और “अत्यधिक अहंकारी” तक कह डाला।
बैठक में क्यों हुआ विवाद? शाम 4 बजे ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी उन परिवारों के साथ चुनाव सदन पहुंचे थे, जिन्होंने बंगाल में मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया के दौरान अपनों को खोया है। सभी परिजन काले कपड़ों में शोक और विरोध जताने आए थे। ममता का आरोप है कि जब ये पीड़ित परिवार अपनी बात रख रहे थे, तो चुनाव आयुक्त ने उन्हें अनसुना कर दिया और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
दीदी की खुली चेतावनी: बैठक से बाहर आते ही ममता बनर्जी ने मीडिया से कहा, “मैंने अपने पूरे करियर में इतना बदतमीज और अहंकारी चुनाव आयुक्त नहीं देखा। वह एक दलाल की तरह व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने हमारी एक बात नहीं सुनी।” ममता ने गरजते हुए कहा कि अगर न्याय नहीं मिला, तो वह बंगाल से लाखों लोगों को दिल्ली लेकर आएंगी और बड़ा आंदोलन करेंगी। सुबह दिल्ली पुलिस और शाम को चुनाव आयोग के साथ इस टकराव ने केंद्र बनाम बंगाल की जंग को और तेज कर दिया है।