केला खाएं या बनाना शेक? गट हेल्थ के लिए क्या है सबसे बेस्ट, एक्सपर्ट ने खोला राज!

आंतों के स्वास्थ्य यानी गट हेल्थ को दुरुस्त रखने के लिए फलों का सेवन सबसे उत्तम माना जाता है। फलों में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो पाचन तंत्र को सुचारू रखने में मदद करती है। इनमें केला एक ऐसा फल है जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों और जिम जाने वाले युवाओं तक सबकी पहली पसंद है। लेकिन अक्सर यह बहस छिड़ती है कि केला खाना बेहतर है या उसका शेक पीना?
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स? जयपुर की आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि केले का सेवन आपके लक्ष्य पर निर्भर करता है। यदि आप वर्कआउट करते हैं और आपको भारी ऊर्जा की आवश्यकता है, तो बनाना शेक एक विकल्प हो सकता है। हालांकि, इसे पचाना थोड़ा कठिन होता है, इसलिए शारीरिक रूप से सक्रिय रहना जरूरी है। वहीं, जिन लोगों का पाचन कमजोर है, उनके लिए साबुत केला चबाकर खाना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
चबाकर केला खाने के फायदे आयुर्वेद के अनुसार, पाचन की प्रक्रिया मुंह से शुरू होती है। जब हम केला चबाकर खाते हैं, तो वह लार (Saliva) के साथ अच्छी तरह मिल जाता है। लार में मौजूद एंजाइम्स पाचन को आसान बनाते हैं और पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद करते हैं। बनाना शेक या स्मूदी पीने पर चबाने की यह प्रक्रिया मिस हो जाती है, जिससे पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
दूध और केले का मेल: आयुर्वेद की दृष्टि दूध और केला दोनों के गुण अलग-अलग होते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, दो अलग तासीर वाली चीजों का मिश्रण शरीर में ‘अग्नि’ (पाचन शक्ति) को मंद कर देता है। इससे शरीर में ‘कफ दोष’ बढ़ सकता है, जिससे सर्दी, खांसी, साइनस और एलर्जी जैसी समस्याएं पैदा होने का खतरा रहता है।
पेट में क्या होता है रिएक्शन? केले में मैलिक और साइट्रिक एसिड जैसे ऑर्गेनिक एसिड होते हैं। जब बनाना शेक पेट में जाता है, तो ये एसिड दूध को तेजी से फाड़ देते हैं। इस वजह से पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है और शरीर को दूध का पूरा प्रोटीन नहीं मिल पाता। यह मिश्रण पेट में भारीपन और गैस की समस्या भी पैदा कर सकता है।
खाने का सही तरीका विशेषज्ञों का सुझाव है कि यदि आप दूध और केला दोनों का लाभ उठाना चाहते हैं, तो इन्हें अलग-अलग समय पर लें। पहले केला चबाकर खाएं और उसके कम से कम 2 घंटे बाद एक गिलास दूध पिएं। पेट की समस्याओं से जूझ रहे लोगों को बनाना शेक पीने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।