पीएम मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी से भड़की बीजेपी, कांग्रेस MLC को बर्खास्त करने की उठी मांग!

कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने को लेकर कांग्रेस एमएलसी नसीर अहमद भाजपा के निशाने पर हैं। भाजपा ने विधान परिषद के सभापति बसवराज होरट्टी को एक ज्ञापन सौंपकर अहमद को सदन से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। बता दें कि नसीर अहमद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के राजनीतिक सचिव भी हैं।
सदन में कैसे शुरू हुआ विवाद? सोमवार को सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा चल रही थी। जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया विपक्ष के आरोपों का जवाब दे रहे थे, तभी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान एमएलसी नसीर अहमद ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणी की, जिससे भाजपा विधायक आगबबूला हो गए और सदन के वेल में आकर नारेबाजी करने लगे।
बीजेपी का तीखा प्रहार विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालवादी नारायणस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग लोकतंत्र के आदर्शों के खिलाफ है। उन्होंने नसीर अहमद के आचरण को ‘गैर-जिम्मेदाराना’ और ‘निंदनीय’ बताया। भाजपा नेताओं का कहना है कि जब तक अहमद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, वे शांत नहीं बैठेंगे।
माफी से इनकार और सदन स्थगित भारी हंगामे को देखते हुए सभापति ने अहमद की टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड से हटा दिया है। हालांकि, भाजपा सदस्यों ने उनसे माफी की मांग की, जिसे नसीर अहमद ने ठुकरा दिया। शोर-शराबे के बीच ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया और सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। कर्नाटक में अब यह मामला पूरी तरह से राजनीतिक तूल पकड़ चुका है।