कैमरा देखकर भी नहीं रुका रईसजादा! नोएडा की सड़कों पर महिला का पीछा कर की छेड़खानी, २ गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पर्थला ब्रिज पर एक चलती कार से महिला को ‘फ्लाइंग किस’ देने और अश्लील इशारे करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है वायरल वीडियो में? १७ सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सफेद एमजी हेक्टर कार में सवार युवक बगल की कार में बैठी महिला की ओर बार-बार हाथ से चूमने के इशारे (Flying Kiss) कर रहा है। जब महिला के साथ मौजूद व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तब भी आरोपी नहीं डरा और हंसते हुए हाथ हिलाकर आगे बढ़ गया। आरोपी काफी देर तक महिला की कार का पीछा कर रहे थे।

पुलिस की कार्रवाई: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही नोएडा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सेक्टर १३५ निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है और उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली है। नोएडा पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर नोएडा की सड़कों पर देर रात और सफर के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *