अकेली महिला के घर साथ ले आया दोस्त! डिलीवरी एजेंट की बदतमीजी देख भड़के लोग, स्विगी ने दी सफाई

स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) से सामान मंगाना एक महिला के लिए बुरे सपने जैसा साबित हुआ। महिला ने ‘एक्स’ (ट्विटर) पर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि कैसे एक डिलीवरी एजेंट ने रात ११ बजे उसके घर पहुँचकर उसे डराया और असुरक्षित महसूस कराया। महिला का आरोप है कि रिफंड के मुद्दे पर एजेंट ने न केवल उसका निजी नंबर माँगा, बल्कि उसके घर तक पहुँच गया।
क्या है पूरी घटना? पीड़िता के अनुसार, उसके ऑर्डर में कुछ सामान कम था, जिसकी उसने शिकायत की थी। इसके बाद डिलीवरी एजेंट ने उसे फोन किया और कंपनी के बजाय सीधे पैसे लेने की बात कही। जब महिला ने अपना नंबर देने से मना कर दिया, तो एजेंट रात ११ बजे अपने एक दोस्त के साथ महिला के फ्लैट पर पहुँच गया और उसे बाहर आने के लिए मजबूर करने लगा।
सुरक्षा पर उठे सवाल: महिला ने जब उन्हें जाने को कहा, तो एजेंट अड़ा रहा कि जब तक समस्या हल नहीं होती, उसे उसकी दिहाड़ी नहीं मिलेगी। अंत में सिक्योरिटी गार्ड को बुलाने की धमकी देने के बाद ही वे वहाँ से गए। इस घटना के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। स्विगी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जाँच का भरोसा दिया है, लेकिन नेटिजन्स ऑनलाइन सेवाओं में महिलाओं की प्राइवेसी और सुरक्षा को लेकर काफी गुस्से में हैं।