हवा में फिर मंडराया बड़ा खतरा! एयर इंडिया ने अपने सभी ‘ड्रीमलाइनर’ विमानों की जांच के दिए आदेश

एयर इंडिया के एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में ‘फ्यूल कंट्रोल स्विच’ की खराबी की रिपोर्ट आने के बाद एयरलाइन ने बड़ा सुरक्षा कदम उठाया है। रविवार को लंदन हीथ्रो से बेंगलुरु आई फ्लाइट के पायलट ने लैंडिंग के बाद तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी, जिसके बाद उस विमान को तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया। इसके साथ ही एयर इंडिया ने अपने पूरे बेड़े के सभी 33 ड्रीमलाइनर विमानों की सघन जांच शुरू कर दी है।

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पिछले साल अहमदाबाद में एक बोइंग 787-8 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे की जांच में सामने आया था कि उड़ान भरने के तुरंत बाद फ्यूल सप्लाई बंद हो गई थी। ताजा घटना ने उसी पुरानी तकनीकी चिंता को फिर से बढ़ा दिया है। एयर इंडिया के सीनियर वीपी मनीष उप्पल ने पायलटों को भेजे ईमेल में कहा है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इंजीनियरिंग टीम बोइंग के साथ मिलकर इस मामले का मूल्यांकन कर रही है।

वर्तमान में एयर इंडिया के पास 26 बोइंग 787-8 और 7 बोइंग 787-9 विमान हैं। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि फ्यूल कंट्रोल स्विच लैच सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। एयरलाइन ने क्रू सदस्यों को निर्देश दिया है कि किसी भी छोटी से छोटी अनियमितता की तुरंत रिपोर्ट करें। लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इन विमानों की विश्वसनीयता पर अब सवाल उठ रहे हैं, जिसे देखते हुए एविएशन अथॉरिटी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *