सूरजपुर में भीषण सड़क हादसा! अज्ञात वाहन ने पुलिस कॉन्स्टेबल को कुचला, मौके पर ही मौत

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। सिलसिली के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पुलिस कॉन्स्टेबल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभय पांडे के रूप में हुई है, जो विश्रामपुर थाने में पदस्थ थे।
ट्रेनिंग के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा: मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक अभय पांडे सिलसिली स्थित 10वीं बटालियन में फिटनेस ट्रेनिंग के लिए गए थे। प्रशिक्षण समाप्त करने के बाद वे अपनी निजी मोटरसाइकिल से विश्रामपुर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिलसिली के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस: राहगीरों की सूचना पर जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
अभय पांडे की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार और पुलिस विभाग में मातम छाया हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।