स्वच्छ भारत मिशन में ‘गंदा’ खेल! 25,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा गया ब्लॉक कोऑर्डिनेटर

झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़ते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बुंडू ब्लॉक में तैनात ब्लॉक कोऑर्डिनेटर जगन्नाथ गोप को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय से की गई है।
क्या है पूरा मामला? शिकायतकर्ता शहीद राजा ने रांची एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बुंडू ब्लॉक की विभिन्न पंचायतों में ‘जल एवं स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत 169 नालियों और सोकपिट का निर्माण कराया गया था। इन कार्यों के भुगतान (Payment) के बदले ब्लॉक कोऑर्डिनेटर जगन्नाथ गोप 1,81,475 रुपये की भारी-भरकम रिश्वत की मांग कर रहा था।
एसीबी का जाल और गिरफ्तारी: शिकायतकर्ता भ्रष्टाचार के आगे झुकना नहीं चाहता था। एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर 1 फरवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया। रणनीति के तहत, 2 फरवरी को जैसे ही जगन्नाथ गोप ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25,000 रुपये स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया।
कार्रवाई जारी: एसीबी ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों के लिए एसीबी की यह कार्रवाई एक कड़ी चेतावनी मानी जा रही है।