१२ साल का प्यार और खौफनाक अंत! पुराने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमिका ने रची मौत की साजिश

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार को सरवट नाले से मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने महज २४ घंटे में सुलझा ली है। ३२ वर्षीय जीवन कश्यप की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसकी १२ साल पुरानी प्रेमिका सोनिया ने अपने नए प्रेमी सादिक के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद कर ली है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, सोनिया के पति की मौत के बाद उसके संबंध गांव के ही सादिक से हो गए थे। जब जीवन ने सादिक और सोनिया के रिश्ते का विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। योजना के तहत सोनिया ने जीवन को अपने कमरे पर बुलाया, जहां सादिक पहले से छिपा था। मौका मिलते ही सादिक ने रस्सी से जीवन का गला घोंट दिया और सोनिया ने उसके पैर पकड़ लिए। मौत के बाद शव को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया गया। पुलिस की मुस्तैदी ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है और टीम को इनाम देने की घोषणा की गई है।