रवींद्र सरोवर कांड में बड़ा खुलासा: ४० बाइकों पर सवार बदमाशों के पास थी बंदूकें, २ और गिरफ्तार!

कोलकाता के रवींद्र सरोवर इलाके में रविवार शाम हुए हिंसक संघर्ष के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल दास उर्फ ​​बाबू सोना (40) और शुभंकर रॉय उर्फ ​​शुभ (32) के रूप में हुई है। राहुल कसबा का रहने वाला है, जबकि शुभंकर लेक थाना क्षेत्र का निवासी है।

अलीपुर अदालत में सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने जो खुलासे किए, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वकील ने अदालत को बताया कि हमले के दिन लगभग 40 से 50 बाइकों पर सवार होकर अपराधी आए थे और उन सभी के पास अवैध हथियार थे। सरकारी पक्ष ने बिना नाम लिए कुख्यात अपराधी ‘सोना पप्पू’ की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड वही है, जो पहले से ही एक हत्या के मामले में जमानत पर बाहर था और अब फरार है।

बचाव पक्ष के वकीलों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर तीन दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य साजिशकर्ता पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों है? फिलहाल, अदालत ने बबलू साव और इंद्रजीत माझी को 9 फरवरी तक और जयंत नस्कर उर्फ ​​सोनू और देबाशीष मंडल को 10 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

गौरतलब है कि गोलपार्क और पंचाननतला इलाके में रविवार रात एक पिकनिक के दौरान विवाद शुरू हुआ था, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। उपद्रवियों ने सरेआम बम फेंके और गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इस संगठित अपराध के पीछे के अन्य चेहरों की तलाश में जुटी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *