“बंगाल में TMC अकेले लड़ेगी!” दिल्ली में ममता का बड़ा ऐलान, विपक्षी गठबंधन को लगा झटका?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दिल्ली के बंग भवन से चुनाव बिगुल फूंकते हुए एक बड़ा बयान दिया है। गठबंधन की चर्चाओं के बीच ममता ने स्पष्ट कर दिया है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) किसी के साथ समझौता नहीं करेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी। चुनाव आयोग की बैठक का बहिष्कार करने के बाद ममता का यह कड़ा रुख केंद्र की राजनीति में हलचल मचा रहा है।
ममता बनर्जी अपने साथ बंगाल के उन 50 लोगों को दिल्ली ले गई हैं, जिन्हें चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में ‘मृत’ घोषित कर दिया गया है, जबकि वे जीवित हैं। इन ‘जीवित मृतकों’ के साथ प्रेस को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, “बीजेपी केवल बंगाल को ही क्यों निशाना बना रही है? क्या इसलिए कि यहाँ 33% अल्पसंख्यक आबादी है? हम सभी धर्मों और जातियों के लिए काम करते हैं। हम गांधी जी, भगत सिंह और लाल-बाल-पाल के आदर्शों को मानते हैं।”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतांत्रिक तरीके से बंगाल में नहीं जीत सकती, इसलिए वह चुनाव आयोग और एसआईआर (SIR) जैसी प्रक्रियाओं का सहारा लेकर मतदाताओं के नाम कटवा रही है। उन्होंने बंग भवन की घेराबंदी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वहां मौजूद छोटे बच्चों तक के लिए दूध लाने नहीं दिया गया। ममता ने चेतावनी दी कि अगर बंगाल के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ हुआ, तो वे चुप नहीं बैठेंगी। दिल्ली से दिया गया उनका यह ‘एकला चलो’ का नारा अब बंगाल चुनाव की दिशा तय करेगा।