‘ये नया हिंदुस्तान है…’ खून से लथपथ रणवीर सिंह का खौफनाक अवतार, ‘धुरंधर २’ के टीजर ने मचाई तबाही!

बॉलीवुड के ‘पावरहाउस’ रणवीर सिंह एक बार फिर अपने ‘हमजा अली’ वाले अंदाज में वापस आ गए हैं। मंगलवार को साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीजर रिलीज कर दिया गया। १ मिनट १३ सेकंड के इस वीडियो ने इंटरनेट पर आग लगा दी है। निर्देशक आदित्य धर ने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के उस मशहूर डायलॉग—“ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी”—का इस्तेमाल कर साफ कर दिया है कि इस बार बदला और भी खौफनाक होगा।
टीजर में रणवीर सिंह को पूरी तरह से खून से लथपथ और एक्शन मोड में दिखाया गया है। पहले पार्ट की कहानी जहां खत्म हुई थी, वहीं से बदला लेने की तैयारी शुरू हो चुकी है। धुरंधर के पहले पार्ट ने दुनिया भर में १३०० करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया था। टीजर देखकर साफ है कि इस बार दांव और भी ऊंचे हैं और हमजा का मिशन और भी खतरनाक।
फिल्म में रणवीर के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार अपनी भूमिकाएं दोहराते नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस बार यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी १९ मार्च को रिलीज होगी। फैंस हमजा अली के इस बदले को देखने के लिए बेताब हैं।