दक्षिण सिक्किम का छिपा हुआ खजाना! इस वीकेंड ‘छालमथांग’ की वादियों में बिताएं सुकून के पल

सर्दियों के आखिरी दिनों में अगर आप किसी ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां शांति और प्राकृतिक सुंदरता का मेल हो, तो दक्षिण सिक्किम का ‘छालमथांग’ (Chalamthang) आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। करीब ४,५०० फीट की ऊंचाई पर स्थित यह गांव अभी भी पर्यटकों की भीड़ से अछूता है। नामची जिले में स्थित यह गांव अपनी स्वच्छता और ‘ऑर्गेनिक’ जीवनशैली के लिए जाना जाता है।

छालमथांग से बहती हुई तीस्ता नदी और हिमालय की पहाड़ियों का मंत्रमुग्ध कर देने वाला दृश्य दिखाई देता है। यह गांव २०१५ से सामुदायिक होमस्टे और २०१८ से दक्षिण सिक्किम के सबसे स्वच्छ जैविक गांव के रूप में मशहूर है। यहां के लोग पूरी तरह से जैविक तरीके से अदरक, इलायची और सब्जियां उगाते हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को होमस्टे में घर का बना शुद्ध और जैविक भोजन परोसा जाता है, जो एक अलग ही अनुभव देता है।

सिलीगुड़ी से यह गांव मात्र ९८ किमी की दूरी पर है। आप सिंगतम होकर आसानी से यहां पहुंच सकते हैं। अगर आप शहर के शोर-शराबे से दूर प्रकृति की गोद में कुछ दिन बिताना चाहते हैं, तो छालमथांग एक आदर्श ऑफबीट डेस्टिनेशन है। मार्च से मई और अक्टूबर से दिसंबर का समय यहां जाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *