सोना फिर छू सकता है 2 लाख का आंकड़ा! चांदी में 9% का भारी उछाल, निवेशकों के लिए आई बड़ी खबर

पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद सोने और चांदी की कीमतों ने एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव लगभग 4% बढ़कर 1.50 लाख के करीब पहुंच गया है। बता दें कि पिछले हफ्ते सोने ने 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का ऐतिहासिक ऑल-टाइम हाई छुआ था, जिसके बाद कीमतों में कुछ सुधार (कलेक्शन) देखा गया था। वहीं चांदी की बात करें तो इसकी कीमतों में लगभग 9% की भारी बढ़त दर्ज की गई है। 1 किलो चांदी की कीमत 4 लाख के पार जाने के बाद गिरी थी, जो अब फिर से रिकवर हो रही है।
क्यों आ रही है कीमतों में तेजी? विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में आई हालिया गिरावट किसी कमजोरी की वजह से नहीं, बल्कि एक ‘तकनीकी सुधार’ थी। वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता अभी भी बरकरार है, जिससे सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ी है। इसके अलावा, दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की लगातार खरीदारी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा इस साल कम से कम दो बार ब्याज दरों में कटौती की संभावना ने कीमतों में आग लगा दी है।
ETF में भी बहार: सोने और चांदी की कीमतों में उछाल का असर ईटीएफ (ETF) मार्केट पर भी साफ दिख रहा है। एचडीएफसी, एसबीआई, टाटा और ग्रो जैसे प्रमुख ईटीएफ में 10% तक की तेजी देखी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब कीमतें चरम पर थीं, तब कई निवेशकों ने मुनाफावसूली (Profit Booking) की थी, जिससे दाम गिरे थे। लेकिन अब फंडामेंटल मजबूती के कारण बाजार फिर से गर्म है। आने वाले समय में शादियों के सीजन और वैश्विक मांग को देखते हुए सोना और चांदी नए रिकॉर्ड बना सकते हैं।