दादी की मौत का खौफनाक बदला! वर्धमान में डॉक्टर की बेरहमी से हत्या, बैग में कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा था युवक

पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के बादामतला इलाके में मंगलवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। रोजाना की तरह डॉक्टर राजा भौमिक (45) अपने चेंबर में मरीजों का इंतजार कर रहे थे। तभी वहां जीवन रुईदास नामक एक युवक दाखिल हुआ। चेंबर में घुसते ही जीवन ने अपने बैग से एक तेज धारदार कुल्हाड़ी (काटारी) निकाली और डॉक्टर के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। अचानक हुए इस हमले से संभलने का मौका भी नहीं मिला और डॉक्टर खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।
थाने पहुंचकर किया सरेंडर: वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जीवन डरा नहीं, बल्कि वह सीधे वर्धमान थाने पहुंच गया। खून से सने कपड़ों में आरोपी को देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा, “मैंने डॉक्टर का कत्ल कर दिया है।” पुलिस तुरंत उसे लेकर बादामतला स्थित चेंबर पहुंची, जहां डॉक्टर राजा भौमिक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को वर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
दादी की मौत बनी हत्या की वजह: पुलिस की शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। आरोपी जीवन रुईदास का मानना था कि कुछ महीने पहले उसकी दादी की मौत डॉक्टर राजा भौमिक के गलत इलाज की वजह से हुई थी। वह अपनी दादी की मौत के लिए डॉक्टर को ही जिम्मेदार मानता था और इसी का बदला लेने के लिए वह मौके की तलाश में था। मंगलवार सुबह वह योजना बनाकर घर से कुल्हाड़ी लेकर निकला और डॉक्टर की जान ले ली।
इलाके में दहशत का माहौल: हैरानी की बात यह है कि दिनदहाड़े हुए इस कत्ल की भनक आसपास के लोगों को तब तक नहीं लगी, जब तक पुलिस वहां नहीं पहुंची। डॉक्टर राजा भौमिक पिछले दो साल से इस इलाके में प्रैक्टिस कर रहे थे और वह बाबूबाग के रहने वाले थे। इस घटना ने इलाके के डॉक्टरों और स्थानीय लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।