संसद में भारी हंगामा: ‘कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर को दीं गालियां’, प्रियंका-राहुल पर किरेन रिजिजू का तीखा हमला!
संसद के बजट सत्र के बीच बुधवार को दिल्ली की सत्ता गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। रिजिजू के मुताबिक, 20-25 कांग्रेस सांसद जबरन लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के कक्ष में घुस गए और उनके साथ अभद्र भाषा और गालियों का प्रयोग किया। रिजिजू ने दावा किया कि इस पूरी घटना के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी वहां मौजूद थे और वे सांसदों को शांत करने के बजाय उन्हें “लड़ने” के लिए उकसा रहे थे।
रिजिजू ने कड़े शब्दों में कहा कि, “संसद गुंडागर्दी की जगह नहीं है। अध्यक्ष के चेंबर में घुसकर उनके साथ गाली-गलौज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।” उन्होंने यह भी बताया कि स्पीकर इस व्यवहार से काफी आहत हैं। सत्तापक्ष ने इस हंगामे को विपक्ष की सोची-समझी रणनीति बताया है।
वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने एकजुट होकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। विपक्ष का आरोप है कि सदन में राहुल गांधी की आवाज को दबाया जा रहा है और उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी गई। कुल 118 सांसदों के हस्ताक्षर वाला यह नोटिस सचिवालय को सौंप दिया गया है। इसके बाद ओम बिरला ने संसदीय मर्यादा बनाए रखने के लिए खुद को सदन की कार्यवाही से तब तक के लिए अलग कर लिया है, जब तक कि इस प्रस्ताव पर फैसला नहीं हो जाता। सदन के भीतर बढ़ते इस टकराव ने बजट सत्र की गरिमा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।