‘अंकल, मम्मी को फोन दो!’ मासूमों की एक कॉल ने उजाड़ा सुहाग, 2.5 लाख की दुल्हन निकली ‘धोखेबाज आंटी’!
कर्नाटक के हावेरी जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। यहाँ रानेबेन्नूर के तुम्किनकट्टी गांव में एक युवक को ‘कुंवारी’ बताकर जिस महिला से शादी कराई गई, वह असल में दो बच्चों की मां निकली। इस पूरे धोखे का पर्दाफाश किसी जासूसी से नहीं, बल्कि एक मासूम की कॉल से हुआ जिसने फोन उठाकर कहा— ‘अंकल, हमारी मम्मी को फोन दो।’ इसके बाद तो जैसे दूल्हे रविचंद्र और उसके परिवार के पैरों तले जमीन ही खिसक गई।
जानकारी के अनुसार, रविचंद्र की शादी पिछले हफ्ते ही रेखा नाम की महिला से हुई थी। रेखा ने खुद को कुंवारी बताकर और अपनी कुछ मजबूरियां गिनाकर रविचंद्र के परिवार से शादी के बदले 2.5 लाख रुपए लिए थे। दोनों की शादी हिरेकेरूर दुर्गा देवी मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुई। रविचंद्र को लगा कि उसे जीवनसंगिनी मिल गई है, लेकिन शादी के महज सात दिन बाद जब उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई, तो सारा सच बहार आ गया। फोन पर बच्चों ने जैसे ही रेखा को अपनी ‘मम्मी’ बताया, घर में कोहराम मच गया।
सच्चाई सामने आते ही ‘रेखा आंटी’ ने अपना बोरिया-बिस्तर समेटा और गांव से रफूचक्कर होने की कोशिश की। हालांकि, चौकन्ने घरवालों और ग्रामीणों ने उसे भागते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जमकर हंगामा होने के बाद आरोपी महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया। हलगेरी थाने में पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या रेखा किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है जो इसी तरह भोले-भाले युवकों को शादी के नाम पर अपना शिकार बनाता है।