यूपी के औरैया में सनसनी: सो रही युवती गायब, बिस्तर पर मिली 5 फीट लंबी सांप की केंचुली! लोग बोले- ‘इच्छाधारी नागिन’
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सिंघानपुर गांव में एक ऐसी घटना घटी है जिसने विज्ञान और अंधविश्वास के बीच बहस छेड़ दी है। रविवार रात अपने कमरे में सोने गई एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जब सुबह मां उसे जगाने गई, तो बेटी गायब थी, लेकिन बिस्तर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। बिस्तर पर युवती के कपड़े, जेवर और उनके ठीक बगल में 5 फीट लंबी सांप की केंचुली पड़ी मिली।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में यह अफवाह फैल गई कि युवती एक ‘इच्छाधारी नागिन’ है। ग्रामीणों का दावा है कि कमरे के फर्श पर सांप का एक बिल भी मिला है। हालांकि, पुलिस ने इन तमाम दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। अजीतमल सर्कल ऑफिसर (CO) मनोज गंगवार ने कहा, “युवती के सांप बनने की खबरें महज अफवाह हैं। बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलना जांच को गुमराह करने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है।”
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और युवती की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है, जिसके लिए परिजनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जहां ग्रामीण इसे चमत्कार मान रहे हैं, वहीं पुलिस इसे अपहरण या किसी साजिश के नजरिए से देख रही है। इस घटना ने महान फिल्मकार सत्यजीत रे की कहानी ‘खगम’ की यादें ताजा कर दी हैं।