वो आखिरी सेल्फी और फिर मौत! राजस्थान में कोहराम, शादी से लौट रहे 6 दोस्तों की चिताएं एक साथ जलेंगी!

राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसे देखकर पत्थर दिल भी पसीज जाए। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर कैलाई गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में 6 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी दोस्त एक शादी समारोह में शिरकत कर हंसी-खुशी वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी तेज रफ्तार कार काल का ग्रास बन गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ से आ रहे एक भारी भरकम ट्रेलर के नीचे जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक दौसा के कालाखो गांव के रहने वाले थे और आभानेरी गांव में एक शादी में शामिल होने गए थे। मृतकों की पहचान समय सिंह (25), लोकेश (24), दिलखुश (24), मनीष (23), अंकित (26) और नवीन (23) के रूप में हुई है। चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि काफी दूर तक आवाज सुनाई दी। चार दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस को कार से शवों को निकालने के लिए गैस कटर और क्रेन की मदद लेनी पड़ी।

हादसे से कुछ ही मिनट पहले इन दोस्तों ने मुस्कुराते हुए एक साथ सेल्फी ली थी। नई ड्रेस पहने और सजे-धजे इन नौजवानों को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी तस्वीर होगी। हादसे की खबर मिलते ही एसपी सागर राणा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और यातायात सुचारू कराया। कालाखो गांव में इस वक्त सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है। एक साथ छह नौजवानों की मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या हादसा ओवरस्पीडिंग की वजह से हुआ या ड्राइवर को झपकी आ गई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *