पटना में ‘सूर्य डॉन’ का अंत! महात्मा गांधी सेतु के नीचे एनकाउंर, STF ने पैर में मारी गोली!

बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की गड़गड़ाहट से दहल उठी। बुधवार की सुबह पटना के गायघाट इलाके में महात्मा गांधी सेतु के नीचे पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ ‘सूर्य डॉन’ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एनकाउंटर के दौरान सूर्य डॉन के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक विदेशी निर्मित पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि हत्या और डकैती जैसे 20 संगीन मामलों में वांछित राजीव कुमार गायघाट इलाके में नाविकों और स्थानीय दुकानदारों से रंगदारी (लेवी) वसूलने के लिए आने वाला है। इसी इनपुट पर आलमगंज थाना पुलिस और एसटीएफ ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस ने सूर्य डॉन को सरेंडर करने के लिए कहा, उसने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली डॉन के पैर में लगी। पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया और अस्पताल पहुंचाया।

ईस्ट सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि राजीव कुमार एक शातिर अपराधी है और लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। उस पर डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और उसे विदेशी हथियार कहां से मिल रहे थे। सूर्य डॉन की गिरफ्तारी से इलाके में दहशत का माहौल कम होने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *