बेन स्टोक्स की आंखों की सफल सर्जरी! चोट के बाद शेयर की डरावनी तस्वीर, बोले- “देखने में भले न लगे, पर सब ठीक है।”
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की दाहिनी आंख की सफल सर्जरी हुई है। इसी महीने की शुरुआत में नेट प्रैक्टिस के दौरान गेंद लगने से स्टोक्स बुरी तरह घायल हो गए थे। ३४ वर्षीय इस ऑलराउंडर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो शेयर की है, जिसमें उनकी आंख और गाल सूजे हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने मजाक में लिखा, “भले ही ऐसा न दिखे… लेकिन सर्जरी सफल रही।”
कैसे लगी चोट? डरहम के इंडोर क्रिकेट सेंटर में स्टोक्स एकेडमी के खिलाड़ियों को कोचिंग दे रहे थे। डरहम के हेड कोच रयान कैंपबेल के अनुसार, स्टोक्स ने कोचिंग का सबसे बड़ा नियम तोड़ दिया था— “नेट में कभी भी बल्लेबाज की तरफ से पीठ नहीं मोड़नी चाहिए।” १८ साल के बल्लेबाज रॉबी बोमन ने एक तेज शॉट खेला, और जैसे ही चेतावनी दी गई, स्टोक्स ने गेंद की तरफ ही सिर घुमा दिया, जिससे वह सीधे उनके चेहरे पर जा लगी।
अस्पताल से रॉबी को फोन स्टोक्स की महानता तब दिखी जब उन्होंने अस्पताल पहुंचते ही युवा बल्लेबाज रॉबी बोमन को फोन किया। रॉबी इस घटना से काफी घबराए हुए थे, लेकिन बेन ने उनसे कहा कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।
अशेज के बाद एक और झटका स्टोक्स पहले से ही अपनी मांसपेशियों (adductor injury) की चोट से उबर रहे थे, जो उन्हें पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ५वें टेस्ट के दौरान लगी थी। इंग्लैंड के लिए पिछला साल खराब रहा जहां उन्हें अशेज में १-४ से हार झेलनी पड़ी। अब स्टोक्स का लक्ष्य जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज तक फिट होना है।