भारत-US ट्रेड डील के बीच ‘मैप’ पर मचा घमासान! अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने अचानक डिलीट की विवादित पोस्ट

भारत और अमेरिका के बीच ऐतिहासिक अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा के बीच एक ‘नक्शा विवाद’ ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) के कार्यालय ने पिछले सप्ताह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारत का एक नक्शा साझा किया था, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को भारतीय क्षेत्र के हिस्से के रूप में दिखाया गया था। हालांकि, व्यापक चर्चा और कूटनीतिक हलचल के बाद, अब इस पोस्ट को हटा लिया गया है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब ८ फरवरी को ट्रंप प्रशासन ने भारत-अमेरिका व्यापार ढांचे का विवरण साझा किया। इस पोस्ट के साथ लगे ग्राफिक्स में भारत का जो नक्शा दिखाया गया था, वह वाशिंगटन के पिछले स्टैंड से बिल्कुल अलग था। आमतौर पर अमेरिकी सरकारी नक्शों में इन क्षेत्रों को विवादित दर्शाने के लिए अलग रेखाओं का उपयोग किया जाता है, लेकिन इस बार पूरा जम्मू-कश्मीर और अक्साई चिन भारत के अभिन्न अंग के रूप में दिखाए गए थे। इसे भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा था, लेकिन पोस्ट के डिलीट होने से अब कई सवाल खड़े हो गए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप प्रशासन का यह कदम पाकिस्तान और चीन की कड़ी आपत्तियों के दबाव का परिणाम हो सकता है। व्यापारिक मोर्चे पर, दोनों देशों ने आयात शुल्क को ५० प्रतिशत से घटाकर १८ प्रतिशत करने पर सहमति जताई है। हालांकि, नक्शा हटाने और व्हाइट हाउस द्वारा ट्रेड डील की फैक्टशीट में किए गए कुछ संशोधनों ने कूटनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। भारत ने हमेशा अपना रुख स्पष्ट रखा है कि पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उसका अटूट हिस्सा है, और किसी भी गलत चित्रण पर नई दिल्ली हमेशा कड़ी आपत्ति दर्ज कराती रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *