नारायणी धाम में गूंजी शहनाई! 141 जोड़ों ने लिए सात फेरे, सीएम साय ने वर्चुअली दिया नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नारायणी धाम में मंगलवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस आयोजन में जिले भर के 141 जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर अपने गृहस्थ जीवन की शुरुआत की। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअली शामिल हुए और उन्होंने नव-विवाहितों को सुखी जीवन का आशीर्वाद देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश की बेटियों के भविष्य को संवारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह में कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरि और अन्य जनप्रतिनिधि भी बाराती बनकर पहुंचे। आयोजन स्थल पर खुशी का माहौल ऐसा था कि परिजन और बाराती ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमकर नाचे। जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर ने मधुर गीत गाकर नव-दंपत्तियों को बधाई दी। विवाह की रस्मों के साथ-साथ जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी जोड़ों को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने और बाल विवाह के खिलाफ खड़े होने की महत्वपूर्ण शपथ भी दिलाई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी अनीता अग्रवाल ने बताया कि इस बार चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। वर-वधू की आयु और पात्रता की गहन जांच के बाद ही उन्हें इस योजना का हिस्सा बनाया गया। योजना के तहत सरकार न केवल विवाह का खर्च वहन करती है, बल्कि नव-विवाहितों को आर्थिक सहायता और उपहार भी प्रदान करती है। गरीब परिवारों के पिताओं ने इस नेक पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उनकी बेटियों के हाथ पीले करने की चिंता दूर कर दी है।