बिना गेमिंग PC के खेलें भारी-भरकम गेम्स! भारत में Nvidia GeForce Now की एंट्री, गेमिंग की दुनिया में बड़ा धमाका
भारत के गेमिंग प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है! चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) ने भारत में अपनी क्लाउड गेमिंग सेवा GeForce Now का आधिकारिक तौर पर अनावरण कर दिया है। पिछले हफ्ते एक विशेष इवेंट में एनवीडिया ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब क्लाउड गेमिंग के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी का मानना है कि अब गेमिंग के लिए महंगे पीसी या कंसोल खरीदना जरूरी नहीं होगा।
एनवीडिया की यह सेवा माइक्रोसॉफ्ट और सोनी के क्लाउड गेमिंग को कड़ी टक्कर देने वाली है। कंपनी का तर्क है कि भारत के शहरी इलाकों में ब्रॉडबैंड की औसत गति अब ४०-५० Mbps तक पहुंच गई है, जो क्लाउड गेमिंग को व्यावहारिक बनाती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि एनवीडिया ने मुंबई में स्थानीय सर्वर स्थापित किए हैं, जिससे ‘लैटेंसी’ (गेम में होने वाली देरी) की समस्या लगभग खत्म हो जाएगी। कंपनी की अपनी तकनीक जैसे Cloud G-Sync और DLSS गेमिंग अनुभव को और भी शानदार बनाएंगे।
‘GeForce Now’ की खासियत यह है कि यह आपको गेम नहीं बेचता, बल्कि आपको क्लाउड पर एनवीडिया के पावरफुल हार्डवेयर का एक्सेस देता है। यानी आपके पास पहले से मौजूद स्टीम या एपिक स्टोर के गेम्स अब आप ५००० रुपये के स्मार्टफोन, मैकबुक या स्मार्ट टीवी पर खेल सकेंगे। इवेंट के दौरान दिखाया गया कि कैसे एक साधारण फोन पर ‘Forza Horizon 5’ और मैकबुक एयर पर ‘Black Myth: Wukong’ बिना किसी रुकावट के चल रहे थे। भारत जैसे ‘प्राइस-सेंसिटिव’ बाजार के लिए यह एक क्रांतिकारी कदम है। हालांकि कंपनी ने अभी कीमत और लॉन्च की तारीख का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह साफ है कि एनवीडिया भारत के मोबाइल-फर्स्ट मार्केट पर बड़ा दांव लगा रही है।