पीरागढ़ी फ्लाईओवर हत्याकांड, ‘जहरीले लड्डू’ खिलाकर 3 की हत्या, दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा ढोंगी तांत्रिक!
राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर पिछले रविवार को एक कार के भीतर तीन लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। इस रहस्यमयी तिहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए दिल्ली पुलिस ने एक ढोंगी तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इस जघन्य अपराध के पीछे तंत्र-मंत्र और लूट की एक सोची-समझी साजिश थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए स्वयंभू बाबा ने रणधीर सिंह (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) को तांत्रिक अनुष्ठान के जरिए पैसे दोगुने करने का झांसा दिया था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पाया कि आरोपी उस दिन रणधीर सिंह की कार की अगली सीट पर बैठा था। पुलिस का आरोप है कि तांत्रिक ने उन्हें “नशीले या जहरीले लड्डू” खिलाए, जिससे तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी कार में रखे 2 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पहले भी कई संदिग्ध मौतों में उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था और आरोपी ने लूटी गई रकम कहां छिपाई है। इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर होने वाले जानलेवा खेल को उजागर कर दिया है।