सपनों पर फिरा पानी! ट्रैक्टर खरीदने के लिए रखे 5 लाख कैश जलकर राख, धार में किसान का घर तबाह

मध्य प्रदेश के धार जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक गरीब किसान की आंखों के सामने उसका घर और वर्षों की मेहनत की कमाई जलकर राख हो गई। नालछा क्षेत्र के कोठी सोड़पुर गांव में मंगलवार शाम सुल्तान पिता नानुराम के घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में किसान को करीब 8 से 10 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
ट्रैक्टर खरीदने की उम्मीदें टूटीं पीड़ित किसान सुल्तान ने बताया कि वह खेती के लिए नया ट्रैक्टर खरीदने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने पाई-पाई जोड़कर 5 लाख रुपये नकद घर में रखे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि सुल्तान को संभलने का मौका तक नहीं मिला। 5 लाख रुपये कैश के साथ-साथ चांदी के जेवर, सालभर का अनाज और घर का सारा सामान जल गया। अब सुल्तान और उसका परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।
दमकल की देरी पर फूटा गुस्सा ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी काफी देर से पहुंची। जब तक राहत दल पहुंचा, तब तक ग्रामीण खुद ही आग बुझाने की कोशिश कर चुके थे और घर के अंदर सब कुछ जल चुका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल समय पर आती, तो शायद सुल्तान की मेहनत की कमाई बच सकती थी।
प्रशासनिक जांच शुरू घटना के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का पंचनामा तैयार किया है। पीड़ित परिवार ने अब सरकार और जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है ताकि वे फिर से अपना जीवन शुरू कर सकें।