हरिद्वार में खौफ! सामने हाथी को देख कांप गया स्कूटी सवार, बिजली के खंभे से हुई जोरदार टक्कर

धर्मनगरी हरिद्वार के रिहाइशी इलाकों में जंगली हाथियों की मौजूदगी लोगों के लिए काल साबित हो रही है। मंगलवार रात राजा गार्डन कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विशालकाय हाथी सड़क पर आ धमका। अचानक हाथी को सामने देख एक स्कूटी सवार युवक इतना घबरा गया कि उसने अपना नियंत्रण खो दिया और स्कूटी सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई।

बाल-बाल बची जान हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक हाथियों को देख बुरी तरह डर गया था। गनीमत रही कि बिजली के खंभे से टकराने के बाद युवक को गंभीर चोट नहीं आई। राहत की बात यह भी रही कि हाथी ने नीचे गिरे युवक पर हमला नहीं किया और वहां से चुपचाप आगे निकल गया।

वन विभाग की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया। हरिद्वार रेंज अधिकारी शीशपाल के मुताबिक, वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय बाहर निकलना अब जान हथेली पर रखने जैसा हो गया है।

खतरा अब भी बरकरार जगजीतपुर और राजा गार्डन जैसे इलाकों में हाथियों की आवाजाही ने लोगों की नींद उड़ा दी है। दो दिन पहले भी एक युवक द्वारा हाथियों को छेड़ने का मामला सामने आया था। प्रशासन और वन विभाग बार-बार चेतावनी दे रहा है, लेकिन जंगली जानवरों का आबादी में घुसना एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *