मुसीबत में साथ खड़ा हुआ सिनेमा जगत! राजपाल यादव के लिए सोनू सूद और वरुण धवन ने भी बढ़ाया हाथ
फिल्म ‘अता पता लापता’ के फ्लॉप होने के बाद शुरू हुआ कर्ज का सिलसिला राजपाल यादव को जेल की सलाखों के पीछे ले गया है। लगभग 9 करोड़ रुपये के बकाया कर्ज के कारण वह 5 फरवरी से जेल में हैं। लेकिन इस मुश्किल घड़ी में राजपाल यादव अकेले नहीं हैं। पूरी मायानगरी उनके समर्थन में उतर आई है। उनके मैनेजर गोल्डी ने खुलासा किया है कि सलमान खान, अजय देवगन और सोनू सूद जैसे दिग्गज सितारों ने उन्हें जेल से बाहर लाने के लिए मदद की पेशकश की है।
गोल्डी ने बताया कि केवल सितारे ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माता डेविड धवन और रतन जैन भी राजपाल के लिए फिक्रमंद हैं। आर्थिक सहायता की बात करें तो संगीत निर्देशक राव इंद्रजीत यादव ने 1 करोड़ 11 लाख रुपये देने का वादा किया है, जबकि तेज प्रताप यादव ने 11 लाख और केआरके ने 10 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है।
बॉलीवुड का यह एकजुट चेहरा देखकर प्रशंसक भी हैरान हैं। मैनेजर को उम्मीद है कि 12 फरवरी को होने वाली सुनवाई में अदालत राजपाल यादव की जमानत मंजूर कर लेगी। फिल्म जगत के इस सामूहिक प्रयास से करोड़ों का कर्ज चुकाना अब आसान लग रहा है। अगर कल सब ठीक रहा, तो राजपाल यादव एक बार फिर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाते नजर आएंगे।