पोखरण में गरजेगा राफेल और तेजस! ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कामयाबी का खुलासा करेगा ‘वायु शक्ति’ अभ्यास

भारतीय वायुसेना आगामी 27 फरवरी को राजस्थान के पोखरण में अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन करने जा रही है। ‘वायु शक्ति’ नामक इस द्विवार्षिक अभ्यास में राफेल, सुखोई-30 और तेजस जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान शामिल होंगे। वायु सेना के उप प्रमुख, एयर मार्शल नागेश कपूर ने बताया कि इस बार का प्रदर्शन पिछले साल के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को समर्पित होगा।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर? पिछले साल 7 मई को भारत ने पलग्राम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान की वायुसेना को भारी नुकसान हुआ था। अंततः पाकिस्तान ने डोनाल्ड ट्रंप की मदद से सीजफायर की गुहार लगाई थी। ट्रंप अक्सर इस बात का जिक्र करते हैं कि उन्होंने दुनिया को एक बड़े परमाणु युद्ध से बचाया था।
आसमान में दिखेगी भारत की ताकत इस अभ्यास में लड़ाकू जेट, हेलीकॉप्टर और परिवहन विमानों सहित 120 से अधिक विमान हिस्सा लेंगे। अपाचे और प्रचंड जैसे अटैक हेलीकॉप्टर भी अपनी ताकत दिखाएंगे। पश्चिमी सीमा के पास होने वाले इस अभ्यास पर एयर मार्शल कपूर ने कहा कि हम अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे, अब इससे किसे क्या संदेश मिलता है, यह उन पर निर्भर है।