कैसा होगा नया ‘ड्रैको मैलफॉय’? एचबीओ सीरीज में दिखेगी स्लीदरिन के विलेन की अनकही कहानी

एचबीओ की बहुप्रतीक्षित ‘हैरी पॉटर’ सीरीज में ड्रैको मैलफॉय का किरदार अब पहले से कहीं ज्यादा गहरा और दिलचस्प होने वाला है। इस रोल को निभाने जा रहे १४ साल के अभिनेता लॉक्स प्रैट (Lox Pratt) ने खुलासा किया है कि यह रूपांतरण किताबों और फिल्मों के दायरे से बाहर जाकर ड्रैको के चरित्र का विस्तार करेगा। प्रैट के अनुसार, फिल्म में ड्रैको को सिर्फ एक घमंडी विलेन के रूप में दिखाया गया था, लेकिन इस सीरीज में दर्शक उसके घर के हालात और उन कारणों को देख पाएंगे जिन्होंने उसे ऐसा बनाया।

लॉक्स प्रैट ने ई! न्यूज को बताया, “किताबें हैरी के नजरिए से लिखी गई हैं, लेकिन शो के मेकर्स फ्रांसेस्का गार्डिनर और मार्क मायलोड ने इसमें काफी कुछ नया जोड़ा है। आप ड्रैको को उसके घर पर देखेंगे, जिससे उसकी शख्सियत को समझने में मदद मिलेगी।” सीरीज में नई पीढ़ी के कलाकार डोमिनिक मैकलॉफलिन (हैरी पॉटर), अरबेला स्टैंटन (हर्माइनी ग्रेंजर) और अलास्टेयर स्टाउट (रॉन वीस्ली) मुख्य भूमिकाओं में होंगे। वहीं, सात बार के एमी विजेता जॉन लिथगो हॉगवर्ट्स के हेडमास्टर एल्बस डंबलडोर के रूप में नजर आएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *