भारत के खिलाफ मैच नहीं, बल्कि बांग्लादेश के लिए था ये ‘बहिष्कार’! पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी के बयान से मचा हड़कंप

कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। नकवी का कहना है कि पाकिस्तान ने कभी भी भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का इरादा नहीं किया था। उनका सारा विरोध केवल बांग्लादेश के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए था।
लाहौर में पत्रकारों से बात करते हुए मोहसिन नकवी ने कहा, “हमारा ध्यान केवल बांग्लादेश के मुद्दे पर था। हम चाहते थे कि बांग्लादेश के साथ जो अन्याय हुआ है, उसे आईसीसी सुधारे। जैसे ही आईसीसी ने बांग्लादेश की मांगों को स्वीकार किया, हमने अपना विरोध वापस ले लिया। हमें भारत के खिलाफ खेलने में कोई आपत्ति नहीं थी।” नकवी का यह बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इसे पाकिस्तान की ‘इज्जत बचाने की कोशिश’ बताया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज और त्रिकोणीय सीरीज जैसी शर्तें रखी थीं। हालांकि, अब नकवी इन शर्तों से पूरी तरह मुकर गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने अपने फायदे के लिए एक शब्द भी नहीं कहा। दूसरी ओर, बीसीसीआई और आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया है कि खेल के नियमों में कोई समझौता नहीं होगा। आईसीसी ने बांग्लादेश में एक आगामी टूर्नामेंट आयोजित करने का आश्वासन दिया है, जिसके बाद ही पाकिस्तान के सुर बदले नजर आ रहे हैं।