मुंबई में गूंजेगा ‘जय हो’! देश की पहली ‘म्यूजिकल रोड’ का उद्घाटन, कोस्टल रोड पर ड्राइविंग का मजा होगा दोगुना

मुंबईकरों के लिए सफर अब और भी यादगार होने वाला है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज कोस्टल रोड कॉरिडोर पर भारत की पहली ‘म्यूजिकल रोड’ का उद्घाटन कर दिया है। जापान और हंगरी जैसे देशों की तर्ज पर बनी इस सड़क पर गाड़ी दौड़ते ही ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ का ऑस्कर विनिंग सॉन्ग ‘जय हो’ की धुन सुनाई देने लगेगी।

क्या है इस रोड की खासियत? यह म्यूजिकल ट्रैक नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित है। इसे बीएमसी (BMC) ने तैयार किया है। सड़क की सतह पर खास रंबल स्ट्रिप्स (खांचे) बनाए गए हैं। जब टायर इन खांचों से गुजरते हैं, तो कंपन से ध्वनि तरंगें पैदा होती हैं। अगर गाड़ी 70-80 किमी/घंटा की रफ्तार पर है, तो यह कंपन ‘जय हो’ की सुरीली धुन में बदल जाता है। लगभग 500 मीटर लंबे इस हिस्से में सफर करना एक जादुई अनुभव जैसा है।

स्पीड कंट्रोल और मनोरंजन एक साथ: इस पहल का मुख्य उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ ड्राइवरों को स्पीड अनुशासन सिखाना है। प्रशासन का मानना है कि संगीत सुनने की चाहत में चालक अपनी रफ्तार नियंत्रित रखेंगे। ड्राइवरों को पहले से जानकारी देने के लिए 500 मीटर और 100 मीटर पहले साइनबोर्ड भी लगाए गए हैं। मुंबई की कोस्टल रोड परियोजना का यह हिस्सा अब शहर का नया आकर्षण बन गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *