सोना-चांदी की कीमतों में लगी आग! एक दिन में 4,000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोना भी 1.61 लाख के पार
बुधवार, 11 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने जबरदस्त छलांग लगाई है। मजबूत वैश्विक संकेतों और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण चांदी की कीमतों में एक ही दिन में भारी उछाल देखा गया। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी की कीमत 4,000 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 2,68,500 रुपये पर पहुंच गई है। पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,64,500 रुपये पर बंद हुई थी।
सोना भी हुआ बेतहाशा महंगा: चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 600 रुपये बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। इससे पहले यह 1,60,700 रुपये पर था। वैश्विक स्तर पर सोने की कीमत 1 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 5,078.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।
कीमतों में उछाल की बड़ी वजह: HDFC सिक्योरिटीज के विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना और कमजोर अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों ने सोने-चांदी की चमक बढ़ा दी है। इसके अलावा, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश के तौर पर कीमती धातुओं की ओर आकर्षित किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय हालात स्थिर नहीं होते, कीमतों में तेजी जारी रह सकती है।