IND vs PAK से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन! अभिषेक शर्मा को वायरल फीवर, नामीबिया के खिलाफ खेलेंगे संजू?
टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को होने वाले मैच से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर है। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन और वायरल बुखार की चपेट में आ गए हैं। हालांकि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, लेकिन 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले ‘महासंग्राम’ को देखते हुए कोच गौतम गंभीर उन्हें आराम दे सकते हैं।
संजू सैमसन की होगी वापसी? अभिषेक की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन के लिए प्लेइंग इलेवन के दरवाजे खुल सकते हैं। खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू के लिए लय में लौटने का यह सबसे सुनहरा मौका है। सहायक कोच रयान टेन डोएशे ने संकेत दिया है कि टीम में बदलाव की संभावना है। दूसरी ओर, ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं और उन पर ओपनिंग की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
पाकिस्तान मैच की तैयारी: भारतीय टीम नामीबिया के खिलाफ इस मैच को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए ‘नेट प्रैक्टिस’ की तरह देख रही है। कोटला की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है, ऐसे में सूर्यकुमार यादव टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेंगे। बुमराह और अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी के सामने नामीबियाई टीम का टिकना मुश्किल लग रहा है।