जनरल नरवणे की किताब पर गहराया अंतरराष्ट्रीय साजिश का साया! विदेश में ऑनलाइन लीक हुई ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’

पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे की बहुचर्चित किताब “फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी” को लेकर छिड़ा विवाद अब एक आपराधिक जांच में बदल गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में ‘आपराधिक साजिश’ की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। आरोप है कि रक्षा मंत्रालय की अंतिम मंजूरी के बिना इस पुस्तक की पांडुलिपि और पीडीएफ संस्करण को ऑनलाइन लीक कर दिया गया है।
विदेशों में बिक्री से हड़कंप: प्रारंभिक जांच में सूत्रों ने खुलासा किया है कि यह किताब न केवल कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और अमेरिका में प्रसारित हुई, बल्कि इन देशों में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टॉप सेलिंग लिस्ट में भी देखी गई। भारत में इसके प्रकाशन पर अभी भी रोक लगी हुई है, ऐसे में विदेशों में इसकी उपलब्धता ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
प्रकाशक को नोटिस: दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में प्रकाशक ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पांडुलिपि के लीक होने और उसके बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से प्रचारित किए जाने के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय साजिश तो नहीं है। स्पेशल सेल अब इस जांच को अमेरिका, कनाडा, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के नेटवर्क पर केंद्रित कर रही है। जनरल नरवणे की यह किताब 2023 से ही चर्चा में है, लेकिन सैन्य नियमों के उल्लंघन के आरोपों ने अब इसे कानूनी विवादों में फंसा दिया है।