12 बार सरकारी नौकरी में फेल, अब चाय बेचकर हर महीने ₹1 लाख की कमाई; मिलिए कोटा के ‘SDM चायवाला’ से
शिक्षा की नगरी कोटा के जवाहर नगर इलाके में इन दिनों “SDM चायवाला” यानी गोपाल सिंह की खूब चर्चा हो रही है। कभी प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना देखने वाले गोपाल आज अपनी चाय और वड़ा पाव की दुकान से महीने के ₹1,00,000 कमा रहे हैं। झालावाड़ के रहने वाले गोपाल ने पटवारी, एलडीसी, कांस्टेबल और आरएएस (RAS) जैसी 12 प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लिया, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका।
हार नहीं मानने का जज्बा: कोविड-19 की मार और आर्थिक तंगी के बावजूद गोपाल ने हार नहीं मानी। 2022 में उन्होंने अपना स्टार्टअप शुरू किया। उनका मानना है कि अगर वे अफसर बनते तो नियमों में बंधे होते, लेकिन आज वे खुद के बॉस हैं। उन्होंने अपने इस छोटे से काम के जरिए घर और गाड़ी का सपना पूरा कर लिया है। वे कहते हैं कि परीक्षा में फेल होना जीवन का अंत नहीं है।
छात्रों के लिए मिसाल: कोटा में कोचिंग कर रहे छात्रों के बीच गोपाल सिंह काफी लोकप्रिय हैं। वे छात्रों को न केवल स्वाद देते हैं, बल्कि उन्हें डिप्रेशन से बाहर निकलने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं। वे छात्रों को सलाह देते हैं कि कोई भी गलत कदम उठाने से पहले अपने माता-पिता का चेहरा याद करें और पढ़ाई के साथ-साथ हुनर भी विकसित करें।