लक्ष्मी भंडार पर बंगाल में सियासी संग्राम! बीजेपी का बड़ा वादा—सत्ता में आए तो महिलाओं को मिलेंगे हर महीने ₹3000
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना को लेकर राजनीति गरमा गई है। ममता सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के जवाब में अब बीजेपी ने एक बड़ा चुनावी दांव खेला है। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो लक्ष्मी भंडार की राशि को सीधे बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह कर दिया जाएगा।
वर्तमान में इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1,000 और आरक्षित वर्ग की महिलाओं को ₹1,200 मिलते हैं। बीजेपी का तर्क है कि बढ़ती महंगाई के इस दौर में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए वर्तमान राशि नाकाफी है। वहीं, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इसे चुनावी स्टंट करार दिया है। टीएमसी का कहना है कि बीजेपी केवल वोट पाने के लिए वादे कर रही है, जबकि राज्य सरकार ने इस योजना को धरातल पर उतारा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ‘लक्ष्मी भंडार’ की यह लड़ाई आगामी चुनावों में महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।