बंगाल से शीत लहर की विदाई! बढ़ने लगा पारा, जानें कोलकाता और उत्तर बंगाल के मौसम का ताज़ा हाल
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अब सर्दी के तेवर नरम पड़ने लगे हैं। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव कम होने से राज्य में बसंत की आहट सुनाई देने लगी है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सात दिनों तक आसमान साफ रहेगा और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक हबीबुर रहमान विश्वास ने बताया कि दक्षिण और उत्तर बंगाल के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। कोलकाता में आज न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री के आसपास रहेगा, जो आने वाले दिनों में बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कूचबिहार में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन दक्षिण बंगाल में कोहरे की कोई चेतावनी नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि बुधवार को दक्षिण बंगाल का कल्याणी (11°C) उत्तर बंगाल के मैदानी इलाकों से भी ज्यादा ठंडा रहा।