सुबह-सुबह दहल उठा गाजीपुर, कार काटकर निकाले गए घायल, अस्पताल में चल रहा है इलाज
दिल्ली के गाजीपुर एमसीडी (MCD) टोल के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब ७:०५ बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मी नगर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
लक्ष्मी नगर फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफिसर राजवीर सिंह बघेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, “हमें ७:०५ बजे कॉल मिली थी। मौके पर पहुंचकर हमने कार के अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हमारे पहुंचने से पहले ही दो बच्चों और ड्राइवर समेत तीन लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।”
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कार के अंदर अब कोई और मौजूद नहीं है। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या तेज रफ्तार की वजह से। सुबह के वक्त हुए इस हादसे के कारण टोल प्लाजा के पास काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।