Bank Strike Today: आज देशव्यापी बैंक हड़ताल! काम पर निकलने से पहले पढ़ लें यह खबर, रुक सकते हैं आपके जरूरी काम

नई दिल्ली: विभिन्न बैंक यूनियनों द्वारा आज आहूत देशव्यापी हड़ताल के कारण देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) जैसे बड़े संगठनों ने इस हड़ताल का नेतृत्व किया है। केंद्र सरकार के नए श्रम कोड के विरोध और ‘5-डे बैंकिंग’ की मांग को लेकर बैंक कर्मी आज सड़कों पर हैं।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित कई प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को पहले ही चेतावनी दी है कि आज शाखाओं में कामकाज देरी से हो सकता है या पूरी तरह ठप रह सकता है। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आधिकारिक छुट्टी की घोषणा नहीं की है, लेकिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति का असर काउंटर लेनदेन और चेक क्लीयरेंस पर पड़ेगा। राहत की बात यह है कि डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल ऐप और एटीएम (ATM) सेवाएं पहले की तरह ही सक्रिय रहेंगी। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए ऑनलाइन सेवाओं का ही उपयोग करें।