IPL 2026: RCB को लगा बड़ा झटका! मुंबई इंडियंस के विरोध के बाद हाथ से निकला डीवाई पाटिल स्टेडियम

आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम की अनिश्चितता के बीच आरसीबी ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम को अपना वैकल्पिक होम वेन्यू बनाने की कोशिश की थी, लेकिन मुंबई इंडियंस (MI) के कड़े विरोध के कारण यह विकल्प अब खत्म हो गया है। बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अंतिम फैसले से पहले अब आरसीबी रायपुर और इंदौर जैसे शहरों की ओर रुख कर रही है।

मुंबई इंडियंस का तर्क: सूत्रों के मुताबिक, मुंबई इंडियंस ने स्पष्ट किया है कि डीवाई पाटिल स्टेडियम और वानखेड़े एक ही कैचमेंट एरिया में आते हैं। यदि आरसीबी को यहां खेलने की अनुमति दी जाती है, तो भविष्य में होम ग्राउंड की परंपरा और पहचान कमजोर हो सकती है। नियमों के अनुसार, किसी दूसरी टीम के क्षेत्र में अपना आधार बनाने के लिए स्थानीय फ्रेंचाइजी की मंजूरी अनिवार्य है, जिसे एमआई ने देने से इनकार कर दिया है।

रायपुर और इंदौर की रेस: चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून की भगदड़ की घटना के बाद से सुधार कार्य जारी है, जिसके चलते आरसीबी बैकअप प्लान पर काम कर रही है। जानकारी मिली है कि आरसीबी ने छत्तीसगढ़ सरकार से रायपुर में कम से कम दो मैच कराने को लेकर चर्चा की है। वहीं, शेष मैचों के लिए इंदौर की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। राजकोट और विशाखापट्टनम भी रेस में शामिल हैं। बुधवार को होने वाली अधिकारियों की बैठक के बाद ही आरसीबी के नए ‘घर’ पर अंतिम मुहर लगेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *