ओलंपिक पोडियम पर रो पड़े नॉर्वे के स्टार बायथलीट! मेडल जीतने के बाद दुनिया को बताया अपनी बेवफाई का सच

मिलानो कॉर्टिना ओलंपिक में नॉर्वे के दिग्गज बायथलीट स्टुर्ला होम लाग्रेड ने पुरुषों की 20 किलोमीटर इंडिविजुअल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास तो रचा, लेकिन जीत के जश्न के बजाय उनकी आंखों में आंसू थे। यह आंसू जीत के नहीं, बल्कि उस अपराधबोध के थे जिसे उन्होंने पोडियम पर खड़े होकर पूरी दुनिया के सामने जाहिर किया। लाग्रेड ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी प्रेमिका के साथ विश्वासघात किया है।
लाइव इंटरव्यू में छलका दर्द: नॉर्वेजियन ब्रॉडकास्टर NRK से बात करते हुए सात बार के विश्व चैंपियन लाग्रेड बेहद भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि तीन महीने पहले उन्होंने अपने जीवन की सबसे बड़ी गलती की थी। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ दिनों से मेरे लिए खेल प्राथमिकता नहीं रहा है। मैंने अपनी प्रेमिका को धोखा दिया है और यह सच मैंने उसे एक सप्ताह पहले ही बताया है। निजी जीवन में मैंने जो कुछ खोया है, उसके सामने यह ओलंपिक पदक बहुत छोटा है।”
गलती सुधारने की कोशिश: लाग्रेड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि सार्वजनिक रूप से सच बोलना उनका अपना फैसला था। उनका मानना है कि सच्चाई सामने रखकर ही वह खुद को और दूसरों को एक सही राह दिखा सकते हैं। इस मुकाबले में लाग्रेड स्वर्ण पदक से महज 48.3 सेकंड पीछे रहे, जबकि उनके सार्थी योहान-ओलाव बोटन ने स्वर्ण पदक जीता। पदक समारोह के दौरान लाग्रेड अपने साथियों से गले लगकर फूट-फूट कर रोते रहे। खेल की दुनिया में एक एथलीट का इस तरह बड़े मंच पर अपनी मानवीय गलतियों को स्वीकार करना चर्चा का विषय बना हुआ है।