हर हाल में कैसे रहें खुश? प्रेमानंद महाराज ने बताया स्थायी सुख का वो राज, जो कोई नहीं जानता!
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई सुख की तलाश में है, लेकिन तनाव और जिम्मेदारियां उसे स्थायी शांति से दूर ले जाती हैं। इस बीच, वृंदावन के प्रसिद्ध संत श्री प्रेमानंद महाराज का एक प्रवचन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने उस शाश्वत प्रश्न का उत्तर दिया है जिसे हर इंसान जानना चाहता है—हर परिस्थिति में खुश कैसे रहें?
बाहरी सुख बनाम आंतरिक आनंद: महाराज जी का कहना है कि असली सुख हमारी आत्मा के भीतर है, न कि भौतिक वस्तुओं में। हम अक्सर सोचते हैं कि पैसा या पद हमें खुशी देगा, लेकिन यह सुख अंततः दुख में बदल जाता है। उनके अनुसार, “सच्चा और स्थायी सुख केवल ईश्वर के चरणों का ध्यान करने और उनके नाम जप में ही निहित है।” जब मन परमात्मा से जुड़ जाता है, तो सांसारिक उतार-चढ़ाव इंसान को विचलित नहीं कर पाते।
नाम जप की शक्ति और सेवा भाव: प्रेमानंद महाराज ने बताया कि ‘नाम जप’ एक ऐसा अचूक अस्त्र है जो इंसान को हर चिंता से मुक्त कर देता है। उन्होंने कर्मयोग पर जोर देते हुए कहा कि आप जो भी कार्य करें—चाहे वो नौकरी हो या व्यापार—उसे ईश्वर की सेवा मानकर करें। यदि आप छल, कपट और अधर्म का त्याग कर देते हैं, तो आपका हृदय निर्मल हो जाता है और यही सुख का आधार है। उन्होंने स्वयं की शारीरिक पीड़ा का उदाहरण देते हुए कहा कि जिसका ‘भजन का ब्रीफकेस’ भरा है, उसे मृत्यु का भी भय नहीं होता।