बुर्के की आड़ में फर्जी वोटिंग का डर! बांग्लादेश चुनाव में चेहरा देखकर एंट्री की मांग पर अड़ी BN

बांग्लादेश में आज यानी १२ फरवरी, २०२६ को बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय संसद चुनाव और जनमत संग्रह के लिए मतदान हो रहा है। लेकिन वोटिंग शुरू होते ही ‘बुर्का’ विवादों के केंद्र में आ गया है। मुख्य विपक्षी दल बीएनपी (BNP) ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मतदान केंद्रों पर बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं का चेहरा देखकर ही उन्हें प्रवेश दिया जाए ताकि ‘फर्जी वोटिंग’ को रोका जा सके।

सिलहट-४ निर्वाचन क्षेत्र से बीएनपी उम्मीदवार आरिफुल हक चौधरी ने रिटर्निंग ऑफिसर से मुलाकात कर अपनी चिंताएं जाहिर कीं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से ठीक पहले देश में बुर्कों की बिक्री में अचानक भारी उछाल आया है, जो किसी बड़े षड्यंत्र का संकेत है। आरिफुल का आरोप है कि असामाजिक तत्व बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान कर सकते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस की फर्जी वर्दियां सिलवाने और सीमावर्ती इलाकों में मतपेटियां लूटने की साजिश का भी अंदेशा जताया है।

बता दें कि इस चुनाव में अवामी लीग के न होने के कारण बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। करीब १२ करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। हालांकि ओपिनियन पोल्स में बीएनपी को बढ़त दिखाई गई है, लेकिन धांधली के डर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। चुनाव आयोग ने शिकायतों पर गौर करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भरोसा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *