‘सेट पर एंटरटेनर बनने की कोशिश मत करो,’ रत्ना पाठक ने नई पीढ़ी को लगाई फटकार, आलिया की तारीफ

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में जहां आलिया भट्ट की जमकर तारीफ की, वहीं आज के दौर के युवा कलाकारों की क्लास लगाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। रत्ना का मानना है कि आजकल के नए एक्टर्स अपनी एक्टिंग से ज्यादा सेट पर ‘अच्छा इंसान’ दिखने और दूसरों का मनोरंजन करने में अपनी ऊर्जा बर्बाद कर देते हैं।

फिल्म ‘कपूर एंड संस’ की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए रत्ना ने कहा कि आलिया भट्ट वैसी बिल्कुल नहीं हैं। रत्ना के अनुसार, “आलिया सेट पर बहुत फोकस्ड रहती हैं। वह ज्यादा बातें नहीं करतीं और हमेशा मॉनिटर के सामने रहती हैं, तब भी जब उनका अपना सीन नहीं होता।” उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि आज के युवा सोचते हैं कि सेट पर बहुत ज्यादा मिलनसार होने से उन्हें मदद मिलेगी, लेकिन यही रवैया उन्हें एक खराब परफॉर्मर बना देता है।

रत्ना ने स्वीकार किया कि हालांकि उस फिल्म में आलिया के साथ उनके ज्यादा सीन नहीं थे और न ही उनके बीच ज्यादा बातचीत हुई, फिर भी आलिया की काम के प्रति गंभीरता ने उनका दिल जीत लिया। वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *