पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब पर अंतरराष्ट्रीय साजिश! 4 देशों में लीक हुआ डेटा, दिल्ली पुलिस ने कसा शिकंजा
पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के लीक होने के मामले ने अब एक अंतरराष्ट्रीय साजिश का रूप ले लिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में ‘आपराधिक साजिश’ की धाराएं जोड़ दी हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि किताब के बाजार में आने से पहले ही इसकी डिजिटल कॉपी अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसे देशों में प्रसारित कर दी गई थी।
पुलिस ने प्रकाशक ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ को नोटिस जारी कर इस पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रक्षा मंत्रालय (MoD) से अनिवार्य क्लियरेंस मिलने से पहले ही पांडुलिपि (Manuscript) कैसे लीक हुई? अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किताब के पीडीएफ संस्करण का अवैध प्रसार एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
यह विवाद तब और गहरा गया जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन में इस किताब के अंशों का हवाला देते हुए चीन के मुद्दे पर सरकार को घेरा। इसके बाद सोमवार को एफआईआर दर्ज की गई और अब डिजिटल ट्रेल की सघन जांच की जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक करने के पीछे किन विदेशी ताकतों या स्थानीय नेटवर्क का हाथ है।