क्या तारिक रहमान भी चलेंगे यूनुस की राह? पाकिस्तान के साथ बांग्लादेश की बढ़ती नजदीकी ने उड़ाई विशेषज्ञों की नींद

NEWS DESK : बांग्लादेश की सत्ता की कमान तारिक रहमान के हाथों में आने की संभावना के बीच ढाका और इस्लामाबाद के रिश्तों को लेकर कूटनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। पिछले डेढ़ साल में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पाकिस्तान के साथ रिश्तों की बर्फ पिघलाने की जो कोशिश की है, क्या तारिक उसे जारी रखेंगे? समुद्री नियमों में ढील और सुरक्षा सहयोग पर बढ़ती चर्चाओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अतीत में बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के गठबंधन ने भारत के साथ रिश्तों में अस्थिरता पैदा की थी, लेकिन इस बार तारिक रहमान का रुख अधिक व्यावहारिक नजर आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता किसी बाहरी शक्ति के बजाय बांग्लादेश का राष्ट्रीय हित है। हालांकि, पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क की हालिया सक्रियता और सैन्य समझौतों की खबरें आने वाले समय में दक्षिण एशिया के शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकती हैं।