IND vs PAK T20 World Cup: कोलंबो में छाए काले बादल, क्या बारिश बिगाड़ेगी भारत-पाक महामुकाबले का रोमांच?
टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला आज कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है। लेकिन इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले कोलंबो का मौसम क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ा रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक, सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और धूप का नामोनिशान नहीं है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक बारिश शुरू नहीं हुई है, लेकिन उमस और बादलों ने मैच पर संकट के बादल जरूर मंडरा दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को कोलंबो में बारिश की संभावना 50% से 65% के बीच है। सुबह और दोपहर के समय बारिश का अनुमान 93% तक था, लेकिन जैसे-जैसे मैच का समय नजदीक आ रहा है, संभावनाओं में सुधार दिख रहा है। शाम के समय बारिश की तीव्रता कम होने की उम्मीद है और रात 9 बजे के बाद बारिश की संभावना केवल 10% रह जाएगी। आईसीसी और स्थानीय आयोजकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती आउटफील्ड को सुखाना होगा। आर. प्रेमदासा स्टेडियम अपनी बेहतरीन ड्रेनेज व्यवस्था के लिए जाना जाता है। मैदान के ग्राउंड स्टाफ का कहना है कि अगर भारी बारिश होती भी है और फिर रुक जाती है, तो वे पूरे मैदान को मात्र 20 मिनट में सुखाकर मैच शुरू करने के लिए तैयार कर देंगे। फिलहाल टॉस और मैच के समय को लेकर संशय बरकरार है, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि इंद्रदेव इस महामुकाबले में खलल नहीं डालेंगे।